रायपुर। छत्तीसगढ़ में ड्राइवर महासंगठन का अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ दूसरे दिन भी जारी है। हड़ताल के चलते प्रदेश में परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बलौदाबाजार के सकरी बायपास पर ट्रकों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे माल और खनिज परिवहन ठप हो गया है।
ड्राइवरों की प्रमुख मांगें
ड्राइवर राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग और वेलफेयर बोर्ड के गठन, सामाजिक सुरक्षा, कल्याणकारी योजनाओं और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग कर रहे हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर ड्राइवरों ने चक्काजाम की चेतावनी दी है।
बसों की कमी से यात्री परेशान
हड़ताल का असर यात्री परिवहन पर भी पड़ रहा है। बसों के पहिए थमने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। हालांकि फल-सब्जियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को हड़ताल से छूट दी गई है। आंदोलन जारी रहने से प्रदेश की परिवहन व्यवस्था पर असर बढ़ने की आशंका है।

