महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-353 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इलाज के बाद मरीज को ओडिशा ले जा रही एंबुलेंस बागबाहरा थाना क्षेत्र के देवाशीष स्कूल के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस में सवार लोग ओडिशा के बताए जा रहे हैं। पुलिस हादसे की जांच और मृतकों व घायलों की पहचान में जुटी है।

