मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई चाकूबाजी में चंद किशोर यादव की मौत हो गई। घटना से नाराज मृतक पक्ष के लोगों ने आरोपी ज्वाला प्रसाद के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान घर में तोड़फोड़ की गई और कई बाइक क्षतिग्रस्त कर दी गईं। हमले में ज्वाला प्रसाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस बल तैनात, जांच शुरू
घटना सुगौली थाना क्षेत्र की करमवां-रघुनाथपुर पंचायत की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। एसडीपीओ समेत आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है। पुलिस के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है।

