जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर कुनकुरीवासियों को करीब 15 करोड़ 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। जशपुर प्रवास के दौरान उन्होंने छठ तालाब के कायाकल्प और मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण का भूमिपूजन किया।
छठ तालाब पर खर्च होंगे 12 करोड़ से अधिक
छठ तालाब के विकास के लिए 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से रिज्युविनेशन और 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये से सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत तालाब परिसर में पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योगाभ्यास स्थल जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। इससे श्रद्धालुओं के साथ ही आम नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा।

3.65 करोड़ से बनेगा सांस्कृतिक भवन
नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-1 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनाया जाएगा। इससे सामाजिक समारोहों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से कुनकुरी की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान उनकी पत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

