कांकेर। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कांकेर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और बाढ़ से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
नदी-नालों पर नजर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैयारी
कलेक्टर ने नदी-नालों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने और पानी बढ़ने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देने कहा है। बाढ़ संभावित गांवों की पहचान कर वहां पहले से व्यवस्था करने के साथ निचले और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षित निकासी मार्ग तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश से धान खरीदी केंद्रों को बचाने पर जोर
प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा है, ताकि किसानों की उपज सुरक्षित रहे और खराब होने का खतरा न बढ़े।

