कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में भारतीय मूल के दो युवाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात वॉलमार्ट स्टोर की पार्किंग में हुई, जहां हमलावरों ने कार में बैठे युवक-युवती पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस इसे सुनियोजित हमला मानकर जांच कर रही है।
पार्किंग में अंधाधुंध फायरिंग
घटना 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे 88 एवेन्यू और 124 स्ट्रीट स्थित वॉलमार्ट की पार्किंग में हुई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत उर्फ गैरी रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है। दोनों लाल रंग की मस्टैंग में सवार थे। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद दोनों ने दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद कार में लगाई आग
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने अपनी कार जला दी और फरार हो गए। जांच एजेंसियों ने जली हुई गाड़ी बरामद कर ली है। मामले की जांच कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है। पुलिस को हमले के पीछे संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका है।
आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
जांच में सामने आया है कि गगनप्रीत का नाम पहले हथियारों से जुड़े मामलों में पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज था, जबकि सुखजीत के कनाडा में सीमित संपर्क होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

