Crime News : बकरी के गेहूं खाने पर खूनी विवाद, पड़ोसियों की मारपीट में बुजुर्ग…

Crime News : बकरी के गेहूं खाने पर खूनी विवाद, पड़ोसियों की मारपीट में बुजुर्ग…

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बकरी के गेहूं खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुजुर्ग की मौत तक पहुंच गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने मिलकर बुजुर्ग के साथ मारपीट की, जिसमें गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और परिजनों में आक्रोश है।

गेहूं खाने पर शुरू हुआ विवाद
घटना उतरौला कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर बरदही बाजार की है। अलमदार की बकरी पड़ोसी अरुण पटेल की छत पर सूख रहे गेहूं खाने लगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

मारपीट के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों का आरोप है कि अरुण पटेल ने अपने भाई, बेटों और रिश्तेदारों को बुलाकर अलमदार के साथ मारपीट की। हमले में घायल अलमदार को अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में रेफर किया गया। गोंडा ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

चार नामजद, तीन हिरासत में
मृतक की पत्नी नाजिमा बानो की शिकायत पर पुलिस ने अरुण पटेल, अजय पटेल, लाले और कल्लू समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी विशाल पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच और आगे की कार्रवाई की जानकारी दी।

देश-विदेश