कबीरधाम। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कबीरधाम जिले के चिल्फी अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर जांच के दौरान बिहार से आ रहे धान से भरे ट्रक को जब्त किया गया है। ट्रक में 750 बोरी धान, कुल 301 क्विंटल माल लदा था।
कैमूर से आ रहा था ट्रक
संयुक्त जांच टीम ने बिहार के कैमूर से आ रहे ट्रक को चिल्फी चेकपोस्ट पर रोककर तलाशी ली। दस्तावेजों और परिवहन की जांच में मंडी अधिनियम का उल्लंघन सामने आने पर ट्रक जब्त कर संबंधित प्रकरण तैयार किया गया।

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई निगरानी
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सीमावर्ती मार्गों पर निगरानी कर रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य दूसरे राज्यों से अवैध रूप से लाए गए धान को समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था में खपने से रोकना है। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

