CM साय ने धनोरा को दी विकास की सौगात, किसानों के लिए लॉन्च किया नया राइस ब्रांड

CM साय ने धनोरा को दी विकास की सौगात, किसानों के लिए लॉन्च किया नया राइस ब्रांड

कोण्डागांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख रुपये से अधिक के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करने के साथ किसानों की उपज को नई पहचान देने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड लॉन्च किया।

56 गांवों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से धनोरा सहित 56 गांवों के करीब 56 हजार लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। अब ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाना नहीं पड़ेगा।

730 किसानों की उपज को मिलेगा बाजार

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के जरिए बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों के पारंपरिक धान को बाजार में नई पहचान मिलेगी। धान की प्रोसेसिंग, ग्रेडिंग और पैकेजिंग कर ब्रांड के नाम से बिक्री की जाएगी। इस काम में बिहान से जुड़ी महिला समूह भी शामिल होंगे, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ राजनीति