रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय पैर में चोट लगने के बाद उपचार के लिए रायपुर लाए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की व्यवस्था की।
घर पहुंचकर जाना हाल, साथ लाए रायपुर
दो दिन पहले फिसलकर गिरने से नंदकुमार साय के पैर में चोट आई थी, जिससे उन्हें चलने-फिरने में दिक्कत हो रही थी। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनके घर पहुंचे और स्वास्थ्य का हाल जाना। उनकी परेशानी देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग की लंबी यात्रा से बचाने के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का फैसला किया।
बालाजी अस्पताल में उपचार की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के साथ रायपुर पहुंचे नंदकुमार साय को बेहतर इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई है।
नंदकुमार साय भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रह चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश किया था।

