छत्तीसगढ़ की संस्कृति से रूबरू हुए 6 राज्यों के युवा, अरुण साव ने दिया विकसित भारत का संदेश

छत्तीसगढ़ की संस्कृति से रूबरू हुए 6 राज्यों के युवा, अरुण साव ने दिया विकसित भारत का संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए 6 राज्यों के 150 युवाओं ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर सात दिवसीय ‘वंदे मातरम शिविर’ के अनुभव साझा किए। त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए युवाओं ने 17 से 23 नवंबर तक छत्तीसगढ़ की संस्कृति, इतिहास, परंपराओं और विकास को करीब से जाना।

2047 के विकसित भारत में युवाओं की अहम भूमिका

नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में युवाओं से चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी पर है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव को समझने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साव ने कहा कि अलग-अलग राज्यों की भाषा, खानपान और परंपराएं भले अलग हों, लेकिन देश की एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

संस्कृति से लेकर साइबर सुरक्षा तक, शिविर में कई गतिविधियां

सात दिवसीय शिविर के दौरान युवाओं ने सिरपुर, आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और विधानसभा का भ्रमण किया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, खाद्य महोत्सव, रंगोली प्रतियोगिता और जेठौनी तिहार की झलकियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की परंपराओं को जाना।

युवाओं को डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता की जानकारी भी दी गई। उन्होंने सियान गुड़ी में बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताकर सामाजिक सेवा का अनुभव भी लिया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन कौशल विकसित करना था।

छत्तीसगढ़ राजनीति