राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में परिचित के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी। पुलिस ने चोरी किए गए करीब 2.20 लाख रुपये के जेवर भी रामद कर लिए हैं।
मौका देखकर अलमारी से उड़ाए जेवर
मामला लखोली बैगापारा का है। पीड़िता ने 6 नवंबर को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर को उसके घर की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिए जांच शुरू की।
जांच में श्रेया रानी भीमगंज (21) पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन वह अपनी छोटी बहन के साथ सहेली के घर पहुंची थी। उसने सामान लाने के बहाने अपनी बहन और उसकी सहेली को स्कूटी से बाहर भेज दिया। उनके जाते ही अलमारी से जेवर चोरी कर फरार हो गई।
चोरी कबूलने का दावा, जेल भेजी गई
पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपी से चोरी के जेवर बरामद किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया गया।

