Bastar Flood: बस्तर बाढ़ को लेकर किरण देव ने लिखा पत्र… विशेष राहत पैकेज की मांग

Bastar Flood: बस्तर बाढ़ को लेकर किरण देव ने लिखा पत्र… विशेष राहत पैकेज की मांग

जगदलपुर, 02 अक्टूबर। Bastar Flood: बस्तर में हालिया बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत-मुआवजा पैकेज और तत्काल पुनर्वास की मांग की है।

किरण देव ने पत्र में खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने और भारी बारिश के बाद इंद्रावती नदी में आई बाढ़ का उल्लेख किया। हालिया बाढ़ के दौरान बस्तर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ था और इंद्रावती नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था।

देव ने नष्ट हुई खरीफ फसलों, क्षतिग्रस्त मकानों, पशुधन और छोटे कारोबारियों के नुकसान का सर्वे कराकर राहत राशि देने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को आवास योजना में प्राथमिकता देने और तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

पत्र में जोरा नाला की नई DPR तैयार करने की मांग को भी प्रमुखता दी गई है। इसके लिए आधुनिक हाइड्रोलॉजिकल अध्ययन, गेटेड रेगुलेटर स्ट्रक्चर और दीर्घकालिक बाढ़ प्रबंधन योजना तैयार करने का सुझाव दिया गया है।

इसके अलावा किरण देव ने खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना छत्तीसगढ़ को रियल-टाइम में उपलब्ध कराने, इंद्रावती बेसिन में सेंसर आधारित चेतावनी प्रणाली लगाने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम भेजने की मांग की है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहले ही बस्तर के प्रभावित परिवारों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता की घोषणा कर चुके हैं।

छत्तीसगढ़