रायपुर। पटवारियों पर की गई कार्रवाई के विरोध में प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ 13 नवंबर को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगा। भोजन अवकाश के दौरान होने वाले इस प्रदर्शन के बाद कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। रायपुर में दोपहर 1:30 बजे कलेक्टर परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों ने पटवारियों पर की गई कार्रवाई वापस लेने और बातचीत के जरिए समस्या का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि पटवारियों की हड़ताल और कार्रवाई से 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी के साथ किसानों और विद्यार्थियों के जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ भी पटवारियों के समर्थन में प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल होगा।

