बलौदाबाजार। सुहेला के तिगड्डा चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार रोशन ध्रुव (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वह बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहा था, तभी श्री सीमेंट जा रहे स्वास्तिक ट्रांसपोर्ट के ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
पांच घंटे चला चक्काजाम
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बदहाल सड़क और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के विरोध में चक्काजाम कर दिया। तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा के लिखित आश्वासन के बाद रात करीब 12 बजे आंदोलन समाप्त हुआ।
परिवार को 1.25 लाख की सहायता
मृतक के परिवार को प्रशासन की ओर से 25 हजार और ट्रांसपोर्टर की ओर से एक लाख रुपये दिए गए। साथ ही पत्नी को संयंत्र में नौकरी दिलाने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजने का आश्वासन दिया गया।
सड़क निर्माण जल्द कराने की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि टेंडर होने के बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ है। गड्ढों और भारी वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की।

