रायपुर, 11 सितम्बर। PM Awas Debate: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी अब सीधी बहस की चुनौती तक पहुंच गई है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को PM आवास के मुद्दे पर कहीं भी बहस करने की चुनौती दी थी। अब भूपेश बघेल ने इस चुनौती को स्वीकार कर लिया है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा था कि PM आवास के मुद्दे पर वे भूपेश बघेल से कहीं भी चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने बहस का विषय और मंच तय करने की जिम्मेदारी प्रेस क्लब पर छोड़ते हुए कहा था कि प्रेस क्लब जब कहेगा, वे बहस के लिए तैयार हैं।
विजय शर्मा ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में सवा 11 लाख PM आवास पूरे हो चुके हैं और करीब 2 लाख आवासों में गृहप्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर अपनी नाकामी छिपाने के लिए बार-बार PM आवास का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया।
15 सितंबर को प्रेस क्लब में बहस की तैयारी
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने डिप्टी सीएम की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा है कि वे 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग भी इस बहस के लिए तैयार हैं।

