अंबिकापुर। छठ महापर्व को लेकर अंबिकापुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली।
स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
श्रद्धालुओं को न हो परेशानी
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, सूर्य उपासना और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। व्रती कठिन नियमों का पालन कर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए और प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

