रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 23 नवंबर तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं 20 और 21 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों के साथ इनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
रायपुर में मौसम साफ, अंबिकापुर सबसे ठंडा
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर 13.1 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किमी प्रति घंटे रहने की आशंका है।

