कांग्रेस की गुटबाजी पर भाजपा का तंज, देवेंद्र यादव को लेकर भूपेश की पोस्ट से..

कांग्रेस की गुटबाजी पर भाजपा का तंज, देवेंद्र यादव को लेकर भूपेश की पोस्ट से..

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का नाम शामिल नहीं होने के बाद पार्टी के भीतर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस घटनाक्रम को भूपेश बघेल खेमे की ओर से अपनी जीत के रूप में देखा जा रहा है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है।

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बाप तो बाप रहेगा, जिस डाल पर बैठे उसी को काटोगे तो गिरना तय है.. इति सिद्धम..”। पोस्ट के साथ कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची भी साझा की गई। इसे देवेंद्र यादव पर निशाना साधने के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा ने गुटबाजी पर कसा तंज

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने वीडियो जारी कर कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर कटाक्ष किया। उन्होंने कांग्रेस में द्वेष, कलह और गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में नेता अपने-अपने राग अलाप रहे हैं। देवेंद्र यादव का नाम सूची में नहीं होने को लेकर भी उन्होंने तंज भरे अंदाज में टिप्पणी की।

कांग्रेस की नई सूची के बाद प्रदेश की राजनीति में पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं भाजपा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर लगातार निशाना साध रही है।

छत्तीसगढ़ राजनीति