छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-पांढुरना जिले में साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों को लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र की रेमंड चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई सामग्री बरामद हुई है।
बीमारी ठीक करने का झांसा देकर बनाया शिकार
मामला सौंसर तहसील के ग्राम उटेकाटा का है। आरोपियों ने गेरुआ कपड़े और माथे पर तिलक लगाकर भिक्षा मांगने के बहाने एक महिला को निशाना बनाया। उन्होंने महिला को उसके पति की बीमारी ठीक करने और घर में सुख-शांति के लिए पूजा कराने का झांसा दिया। इसके बाद नशीली भभूत सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया और गले से सोने का मंगलसूत्र व घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
CCTV से मिला सुराग, अन्य वारदातों की भी जांच
होश में आने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी की और सभी 6 को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य जगहों पर भी लूट की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरे राज्यों में हुई घटनाओं की जांच कर रही है।

