बस्तर। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और बिचौलियों पर निर्भरता कम करने के लिए बिहान (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) के तहत गठित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) बेहतर काम कर रहे हैं। बकावंड और दरभा विकासखंड में किसानों से गांव स्तर पर मक्के की खरीदी कर उन्हें मंडी से बेहतर दाम उपलब्ध कराया जा रहा है।
3850 क्विंटल मक्के की सीधी खरीदी
बकावंड की लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी और दरभा की मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी ने किसान समूहों से कुल 3850 क्विंटल मक्के की खरीदी की। इसके बाद उपज स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को बेची गई। इस व्यवस्था से किसानों को परिवहन खर्च, मंडी में इंतजार और अन्य परेशानियों से राहत मिली है।
अब गांव में ही मिलेंगे खाद-बीज
एफपीओ अब किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक जैसी कृषि सामग्री भी उपलब्ध कराने की तैयारी में हैं। इसके लिए इफको से पीओएस मशीन की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद किसान उचित दर पर गांव में ही खेती के जरूरी संसाधन खरीद सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और खेती से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

