जेल में हुनर सीख रहे बंदी, मिला प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, रिहाई के बाद रोजगार की राह आसान…

जेल में हुनर सीख रहे बंदी, मिला प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, रिहाई के बाद रोजगार की राह आसान…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को जेल से बाहर निकलने के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के तहत 40 पुरुष बंदियों को कंप्यूटर शिक्षा और 30 महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया। इससे बंदियों को तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक कौशल से जोड़कर भविष्य में आजीविका शुरू करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

हुनर से बदलेगी जिंदगी

कार्यक्रम में जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास बंदियों के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण से प्राप्त हुनर रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार का रास्ता खोल सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस ठाकुर राम सिंह ने की। उन्होंने बंदियों को कौशल के माध्यम से नई शुरुआत करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

छत्तीसगढ़