रायपुर। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पटवारियों की हड़ताल और शासकीय कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। राजस्व कार्यों में देरी और अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में तीन पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, हड़ताल में शामिल 57 पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन रोक दिया गया है।
अलग-अलग मामलों में तीन पर कार्रवाई
निलंबित पटवारियों में खैरागढ़ के आकाश सिंह राजपूत, छुईखदान की वाणी झा और साल्हेवारा के अमित श्रीवास्तव शामिल हैं। इन पर स्वामित्व योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान पंजीयन में लापरवाही और अतिरिक्त प्रभार नहीं संभालने के आरोप हैं।
13 अक्टूबर से जारी है हड़ताल
जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने 30 अक्टूबर को अंतिम नोटिस जारी कर 2 नवंबर तक काम पर लौटने का निर्देश दिया था।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अवहेलना जारी रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ गंभीर मामलों में सेवा से पृथक करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

