रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बड़ायला चौराहे के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और 6 साल की बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुजरात से उन्नाव जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार गुजरात के वडोदरा से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जा रहा था। इसी दौरान जावरा के पास कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा भिड़ी। हादसे में 13 वर्षीय सागर वर्मा की जान चली गई।
मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे की राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को कार से निकालकर जावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

